Showing posts with label khoya sweets. Show all posts
Showing posts with label khoya sweets. Show all posts

Friday, 9 November 2012

गुलाब जामुन - Gulab Jamun


गुलाब जामुन

गुलाब जामुन एक ऐसी मिठाई है जो घर मे हर बड़े और बच्चे को पसंद आती है. चाहे त्योहार हो या कोई और मौका गुलाब जामुन से इसकी रंगत बढ जाती है. तो आइए हम गुलाब जामुन बनाते है.
आवश्यक सामग्री -
खोया (मावा) - 250 ग्राम
पनीर - 100 ग्राम
मैदा - 20 - 30 ग्राम
चीनी - 600 ग्राम
घी - तलने के लिये
विधि -
एक चौड़े और बड़े बर्तन में मावा, पनीर और मैदा को ले और हाथ से तब तक मलें जब तक यह नरम, चिकना गूथे हुये आटे जैसा न हो जाए. अब गुलाब जामुन बनाने के लिये मिश्रण तैयार है.
गुलाब जामुन तलने से पहले चाशनी बना कर तैयार कर लीजिये. एक बर्तन में चीनी ले और उसमे चीनी की मात्रा का आधा पानी मिलाकर इसे गॅस पर चाशनी बनने के लिये रखिये. जब चाशनी में उबाल आ जाय और चीनी पानी में पूरी तरह घुल जाय उसके बाद 2 मिनिट तक और पकायें. चाशनी की 1-2 बूंद प्लेट में टपकायें. अंगूठे और अंगुली के बीच चिपका कर देखे, चाशनी उंगली और अंगूठे के बीच चिपकनी चाहिये, आधा तार की चाशनी (यानी तार बहुत ही कम दूरी तक बने) तो चाशनी तैयार हो गयी है.
मिश्रण से थोड़ा सा मिश्रण, करीब एक छोटी चम्मच, निकालिये, उसे दोनों हथेलियों के बीच रख कर गोल करिये, मावा का गोला अच्छी तरह बन जाने के बाद प्लेट में रख लीजिये. गोले एकदम चिकने होने चाहिए बिना दरार के. इसी प्रकार सारे गोले तैयार कर लीजिये.
अब कढ़ाई में घी गरम कीजिये. गुलाब जामुन तलने से पहले इनको टैस्ट करें, इसके लिए एक गुलाब जामुन को घी में डाल कर तलें और यदि यह फट रहा है, तो मिश्रण में थोड़ा मैदा और मिलायें. 3-4 गोले, कढ़ाई में डालें और तलें (तलने के लिए गैस धीमी रखें. गुलाब जामुन को तलते समय उस पर कलछी न लगायें बल्कि गरम गरम घी उसपर कलछी से डालें और इनको हल्के से हिला हिला कर तलें, इनको चारों तरफ से ब्राउन होने तक तल लीजिये. अब गुलाब जामुन निकाल कर प्लेट में रखिये. 1 मिनिट बाद थोड़ा ठंडा होने पर इन्हे चाशनी में डुबा दीजिये. इसी तरह सारे गुलाब जामुन तल कर चाशनी में डुबो लीजिए. 1-2 घंटे में गुलाब जामुन चाशनी सोखकर तैयार हो जायेंगें.
आपके गुलाब जामुन तैयार हो जाए है. इन्हें गरम या ठंडे जैसे चाहे परोसिये.
नोट:
1. यदि गुलाब जामुन ज्यादा सख्त बन रहे हों तो मावा में थोड़ा सा  ( एक से डेड टेबल स्पून ) दूध मिलाकर अच्छी तरह मल लें.
2. गुलाब जामुन अधिक गरम चाशनी में मत डालिये.
इस रेसिपी से सबंधित प्रश्ना, सुझाव एवं अनुभव हमे लिखे.

Thursday, 8 November 2012

परवल की मिठाई


परवल की मिठाई

परवल की मिठाई बड़ी स्वादिष्ट व बनाने मे आसान होती है. , यह मिठाई आप त्योहार या किसी भी मोके पर बनाकर अपने परिवार व मेहमानो को खिला सकती हैं, तो आइये परवल की मिठाई बनाना शुरू करते हैं.
आवश्यक सामग्री -
परवल - 500 ग्राम (मध्यम आकर के)
चीनी - 300 ग्राम
खोया या मावा - 200 ग्राम
पाउडर चीनी - 50 ग्राम
बादाम - 25-30 कटे हुये
पिस्ते - 10-12 कटे हूए
छोटी इलाइची पाउडर - एक छोटी चम्मच
मीठा सोडा - दो चुटकी
केसर - 7 - 8 धागे
विधि -
हरे हरे ताजे परवल लीजिए, परवल को धोइये, छीलिए, छील कर पूरी लम्बाई मैं चीर लीजिए (जिस प्रकार हम आचार की मिर्च को चीरते है) ताकि वह एक ओर से जुड़े रहें. परवल के अन्दर से सावधानी पूर्वक बीज निकालिये, ध्यान रखिए की ये टूटने ना पाए.
अब किसी बर्तन में पानी गरम करने की लिए रखिये, पानी में उबाल आने पर सोडा और परवल डालिये, फिर से उबाल आने के बाद परवल को 3 -4 मिनिट तक उबलने दीजिये, गैस बन्द कर दीजिये. परवल को 5 मिनिट के लिये ढककर रख दीजिये. अब परवल को निकाल लें, इन्हैं चलनी में रखिये ताकि पानी निकल जाए.
अब चीनी और एक कप पानी किसी बर्तन में डालिये और चाशनी बनाने के लिए गॅस पर रखिये, एक तार की चाशनी बनाइये (ये चाशनी ज्यादा गाड़ी नहीं होती है और ठंडा करने पर जमती भी नहीं है). जब एक तार की चाशनी बन जाए तब परवल इसमे डालकर तब तक उबालिये जब तक उनका कलर न बदल जाय, उबालते समय परवल एक दो बार पलट दीजिये, गैस बन्द कर दीजिये, परवल को कम से कम एक घंटे के लिये ढककर चाशनी में ही रख दीजिये.
अब हम खोया का मिक्चर तैयार कर लेते हैं.
खोया को किसी भारी तले या नान इस्टिक कड़ाई में डालकर मीडियम गैस पर हल्का भून लीजिये, इसे ठंडा करे, बादाम मिक्सी मे दरदरे पीस लीजिये और कुछ बादाम एवं पिस्ते लम्बे लम्बे कतर लीजिये.
खोए मे इन पिसे हुये बादाम, इलाइची पाउडर और पिसी चीनी को मिला दीजिये. परवल के अन्दर भरने के लिये मिश्रण तैयार है.
चाशनी से परवल निकाल कर छलनी में रखिये, ताकि परवल से अतिरिक्त चाशनी निकल जाय.
अब एक एक परवल सावधानी से उठाइये और मिश्रण परवल मे भरिये, ऊपर से कतरे हुये बादाम और पिस्ते चिपकाइये. इसी प्रकार सारे परवल में मिश्रण भर ले , कटे हुये मेवे एवं केसर लगाकर प्लेट में रखिए.
आपकी परवल की स्वादिष्ट मिठाई तैयार है. इस मिठाई को आप फ्रिज में 5-6 सप्ताह तक रख सकते है.
इस रेसिपी से सबंधित प्रश्ना, सुझाव एवं अनुभव हमे लिखे.